उदयपुर। घूमने के लिए उदयपुर आए ब्रिटेन के 64 वर्षीय नागरिक स्टीफन गॉट की अचानक मौत हो गई। सोमवार को हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया।
देवाली स्थित एक होटल में तबीयत बिगड़ने और साइलेंट अटैक आने के बाद उनकी मौत हो गई थी। परिजन की सहमति मिलने पर मोक्ष सेवा संस्थान ने अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई।
जानकारी के अनुसार ब्रिटिश नागरिक स्टीफन गॉट अपने बेटे एंड्रयू गॉट के साथ भारत भ्रमण पर आए थे। उनका बेटा ऑस्ट्रेलियाई नागरिक है और टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। 7 नवंबर को उदयपुर पहुंचने के बाद देवाली स्थित होटल में स्टीफन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। 8 नवंबर को एमबी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
इसके बाद अंबामाता थाने के राजेंद्र झाला ने मोक्ष सेवा संस्थान को सूचना देकर अंतिम संस्कार में सहयोग मांगा। पुलिस की कार्रवाई के बाद मृतक के बेटे एंड्रयू गॉट ने सोमवार को अंबामाता थाना एसएचओ के नाम लिखित सहमति पत्र दिया। इसमें उन्होंने बताया कि पिता की मौत के बाद परिवार को सूचना दे दी गई है और सभी की सहमति से उदयपुर में ही अंतिम संस्कार करवाना चाहते हैं।
इसके बाद मोक्ष सेवा संस्थान की ओर से हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया। सेवा कार्य में गोपाल वैष्णव, प्रशासन टीम के शंकर दयाल और नंदराज भारती का सहयोग रहा।