उदयपुर। शहर की सफाई और सीवरेज व्यवस्था में इस्तेमाल होने वाले नगर निगम के वाहन ही लंबे समय से गैराज में खराब पड़े हैं। गुरुवार को अशोक नगर स्थित नगर निगम गैराज के औचक निरीक्षण के दौरान यह स्थिति सामने आने पर महापौर पारस सिंघवी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गैराज में सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। वहीं, कई वाहन लंबे समय से खराब हालत में खड़े थे। अधिकारियों ने वाहनों की मरम्मत नहीं हो पाने की वजह कंपनी में आवश्यक पार्ट्स की अनुपलब्धता बताई। इस संबंध में महापौर को संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर की।
सीवरेज और कचरा परिवहन के लिए जरूरी हैं वाहन
महापौर ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने में नगर निगम के वाहनों की अहम भूमिका है। खासतौर पर सीवरेज लाइन अवरुद्ध होने या अन्य सीवरेज संबंधी समस्या आने पर संबंधित वाहन को तत्काल मौके पर पहुंचाना जरूरी होता है। इसी तरह कचरा परिवहन के लिए भी वाहनों की उपलब्धता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पार्ट्स की कमी के कारण वाहनों का लंबे समय तक खराब पड़े रहना और उनकी मरम्मत नहीं होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने निर्देश दिए कि गैराज में खराब पड़े सभी वाहनों की जल्द से जल्द मरम्मत करवाई जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें शहर के किसी भी क्षेत्र में तुरंत भेजा जा सके।
अधिकारियों को जिम्मेदारी तय कर सुधार के निर्देश
महापौर पारस सिंघवी ने नगर निगम के अधीक्षण अभियंता लखनलाल बेरवा और सहायक अभियंता विजय सिंह चौहान को गैराज की व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी जिम्मेदारियां भी तय कीं। साथ ही गैराज में साफ-सफाई, वाहनों के रखरखाव और नियमित देखरेख की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि भविष्य में वाहन लंबे समय तक खराब हालत में खड़े न रहें। महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम के संसाधनों का बेहतर उपयोग करना और शहरवासियों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध करवाना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Continue With Google
Comments (0)