बारां/जयपुर। राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बारां पुलिस ने तस्करों की आर्थिक गतिविधियों पर बड़ी चोट की है। ऑपरेशन ‘वज्र प्रहार’ के तहत पुलिस ने तस्कर अरविन्द मीणा और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित करीब 3.76 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां फ्रीज करवाई हैं। वित्तीय जांच में वाहनों, भूखण्ड और विभिन्न बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी सामने आई है।
बारां पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के अनुसार, पुलिस थाना हरनावदाशाहजी ने एनडीपीएस एक्ट के अध्याय-5ए के तहत यह कार्रवाई की। अरविन्द मीणा के विरुद्ध धारा 68एफ(1) में कार्रवाई करते हुए तस्करी से अर्जित संपत्तियों का वित्तीय अनुसंधान किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित आय से उसने अपने और परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदी थीं।
पुलिस की ओर से तैयार प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा (FOP) एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली के समक्ष प्रस्तुत किया गया। सक्षम प्राधिकारी ने करीब 3.76 करोड़ रुपये की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि की।
वाहन, भूखण्ड और बैंक खातों की जांच में मिले अहम सुराग
वित्तीय अनुसंधान में अरविन्द मीणा के अलावा उसके भाई दीपक मीणा, पत्नी सुनीता बाई और साले लोकेश के नाम पर संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी मिली। इनमें एक बोलेरो जीप, तीन मोटरसाइकिल और हरनावदाशाहजी कस्बे में पत्नी सुनीता बाई के नाम पर स्थित 25×40 वर्गफीट का भूखण्ड शामिल है। इसके साथ ही विभिन्न बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का भी पता चला है।
603 किलो डोडा-चूरा जब्ती के मामले से जुड़ी जांच
पुलिस के मुताबिक, अरविन्द मीणा के खिलाफ दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में 603 किलोग्राम डोडा-चूरा की वाणिज्यिक मात्रा जब्त की गई थी। इसी प्रकरण से जुड़े वित्तीय अनुसंधान में तस्करी से अर्जित कथित अवैध आय और उससे बनाई गई संपत्तियों की पड़ताल की गई। जांच में बड़े तस्कर गिरोहों के साथ उसकी कथित सांठगांठ और षड्यंत्र की बात भी सामने आई है।
राजस्थान के छह जिलों तक फैले नेटवर्क की जानकारी
पुलिस अनुसंधान में अरविन्द मीणा के संपर्क में रहे जिन तस्करों के नाम सामने आए हैं, उनमें रिजवान खान निवासी पीपाड़ सिटी (जोधपुर), सलीम मियां निवासी टोंक, श्रवणराम निवासी बीसलपुर (जोधपुर), विजयकुमार निवासी सवाई माधोपुर और सुरेश गुर्जर निवासी माण्डलगढ़ (भीलवाड़ा) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क के तार जोधपुर, टोंक, भीलवाड़ा, सवाई माधोपुर, सिरोही और झालावाड़ सहित राजस्थान के छह जिलों तक जुड़े हुए थे। जांच में इन क्षेत्रों के बड़े मादक पदार्थ तस्करों के साथ अरविन्द मीणा की कथित सांठगांठ का खुलासा हुआ है।
2026 में बारां पुलिस की 10वीं संपत्ति फ्रीज कार्रवाई
बारां पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन ‘वज्र प्रहार’ के तहत वर्ष 2026 में मादक पदार्थ तस्करों की संपत्तियां फ्रीज करवाने की यह 10वीं कार्रवाई है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य तस्करी से अर्जित आर्थिक साम्राज्य पर प्रहार कर मादक पदार्थों के नेटवर्क को कमजोर करना है।
इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में पुलिस थाना हरनावदाशाहजी के थानाधिकारी भंवरसिंह आरपीएस, पुलिस अधीक्षक कार्यालय बारां के उपनिरीक्षक विमलेश मेहता और कांस्टेबल सर्वेश मेहता तथा थाना हरनावदाशाहजी के कांस्टेबल गिरवर और जीतेन्द्र की विशेष भूमिका रही।
Continue With Google
Comments (0)