जयपुर। दीपावली की खुशियों के बीच जयपुर से 17 वर्षीय किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है। सिरसी रोड स्थित रॉयल ग्रीन अपार्टमेंट में रहने वाला किशोर दीपावली की रात से लापता है। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर बिंदायका थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। अब परिजनों ने आमजन से किशोर को तलाशने में सहयोग की अपील की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपावली की शाम किशोर अपने परिवार के साथ पूजा में शामिल हुआ था। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य अपार्टमेंट परिसर में पटाखे जलाने के लिए नीचे आए। रात करीब 9:45 बजे परिवार जब वापस फ्लैट में जाने के लिए लिफ्ट के पास पहुंचा, तब किशोर ने अपने पिता से कहा कि वह गार्ड रूम से अपनी जैकेट लेकर आता है। इसके बाद पिता अपने छोटे बेटे के साथ फ्लैट में चले गए।

करीब आधे घंटे तक किशोर के वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने पूरी सोसायटी में उसकी तलाश की और दोस्तों व रिश्तेदारों से भी संपर्क किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 9 नवंबर 2026 को पिता ने बिंदायका थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

मथुरा रेलवे स्टेशन के आसपास देखे जाने की सूचना

परिजनों की ओर से जारी तलाश संबंधी पोस्टर के अनुसार, लापता किशोर का नाम गौरल सिंह राजपुरोहित है और उसकी उम्र करीब 17 वर्ष है। उसके जयपुर से मथुरा पहुंचने की जानकारी मिली है। परिजनों को सूचना मिली है कि उसे मथुरा रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते हुए देखा गया था। हालांकि, उसके वर्तमान ठिकाने की पुष्टि नहीं हुई है।

लंबाई 5 फीट 7 इंच, दुबला शरीर और काले बाल

परिजनों द्वारा जारी जानकारी के अनुसार किशोर की लंबाई करीब 5 फीट 7 इंच है। उसका रंग गोरा, शरीर दुबला और बाल काले व छोटे हैं। परिजन मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश कर रहे हैं।

पिता ने आमजन से की सहयोग की अपील

किशोर के पिता डॉ. मनीष राजपुरोहित ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को गौरल सिंह दिखाई दे या उसके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल परिवार को सूचित करें। परिजनों का कहना है कि छोटी से छोटी सूचना भी किशोर को सुरक्षित घर वापस लाने में मददगार हो सकती है।

संपर्क सूत्र:
डॉ. मनीष राजपुरोहित
मोबाइल: 9887022385