उदयपुर। जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र अंतर्गत खाखड़ गांव स्थित खेल मैदान में सोमवार सुबह 25 वर्षीय एक युवक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के पेट, पीठ और छाती पर चाकू से किए गए ताबड़तोड़ वार के गहरे घाव मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश अथवा विवाद में हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर हत्या का मामला दर्ज किया है और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
खेलने पहुंचे युवकों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह गांव के कुछ युवक खेल मैदान में पहुंचे थे। मैदान में खून से लथपथ शव देखकर उन्होंने तुरंत ग्रामीणों और परिजनों को सूचित किया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की शिनाख्त गोगला नाल निवासी भरत (25) पुत्र कालूलाल कसौटा के रूप में हुई।
देर रात अज्ञात लोगों के साथ गया था युवक
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भरत रविवार देर रात कुछ अज्ञात युवकों के साथ घर से निकला था। आशंका जताई जा रही है कि किसी बात को लेकर उपजे विवाद के बाद युवकों ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण भरत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिसके बाद हमलावर शव को वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस जुटी साक्ष्य जुटाने में
वारदात की सूचना मिलते ही झाड़ोल पुलिस उपाधीक्षक विवेक सिंह और थानाधिकारी चंद्रपाल सिंह जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस मृतक की कॉल डिटेल और रविवार रात उसके संपर्क में रहे युवकों की जानकारी जुटा रही है। युवक की निर्मम हत्या के बाद से खाखड़ और आसपास के क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
Continue With Google
Comments (0)