उदयपुर। प्रदेश में दूसरे राज्यों से अवैध शराब की तस्करी, नकली शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग 1 से 7 नवंबर तक विशेष निरोधात्मक अभियान चलाएगा। आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने 30 अक्टूबर को आदेश जारी कर सभी जोन और जिला अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अभियान के दौरान अवैध शराब बनाने, संग्रहण और बिक्री के संभावित ठिकानों पर औचक जांच और दबिश दी जाएगी। विशेष रूप से स्प्रिट, स्प्रिट से बनी शराब, दूसरे राज्यों से तस्करी कर लाई जाने वाली शराब और बायोएथेनॉल के अवैध भंडारण पर निगरानी रहेगी। टैंकरों के जरिए पेट्रोलियम इकाइयों में मिश्रण के रूप में इस्तेमाल होने वाले एथेनॉल की अवैध गतिविधियों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। राज्य और अंतरराज्यीय राजमार्गों पर विशेष चेकिंग होगी। हाईवे के होटल-ढाबों, विभाग में पंजीकृत समारोह स्थलों और चिह्नित ठिकानों पर दबिश दी जाएगी। आदतन अपराधियों पर भी नजर रखी जाएगी। वैध शराब दुकानों पर होलोग्राम, निर्धारित एमआरपी, बिक्री समय और स्टॉक का भौतिक सत्यापन होगा।