जयपुर। झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि पुराने और दुर्लभ सिक्के लाखों रुपये में खरीदने का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये की साइबर ठगी करने, लगातार धनराशि की मांग करने तथा फर्जी पुलिस नोटिस और एआई से तैयार फोटो-वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का झालावाड़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
गिरोह के सदस्यों द्वारा बेटे को गंभीर मामले में फंसाने की धमकी देकर महिला पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। लगातार आर्थिक शोषण और मानसिक प्रताड़ना से आहत होकर 56 वर्षीय महिला ने आत्महत्या कर ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित अनुसंधान कर बिहार से गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 बालक और 1 बालिका को निरुद्ध किया गया है।
आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले से शुरू हुआ अनुसंधान
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि सुभाष कॉलोनी झालावाड़ निवासी मधुबाला ठाकुर ने अज्ञात साइबर ठगों के सुनियोजित जाल, लगातार अवैध वसूली और गंभीर मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। इस संबंध में मृतका की पुत्री कल्पना ठाकुर ने 1 नवंबर 2026 को पुलिस थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई। प्रारंभ में आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने मृतका के मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। अनुसंधान के दौरान मिले डिजिटल साक्ष्यों और डाटा से ठगी के तार बिहार से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद प्रकरण में जबरन वसूली, धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचन्द्र मीणा के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी हर्षराज सिंह खरेड़ा के निकटतम सुपरविजन में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया। टीम ने मृतका के मोबाइल फोन, बैंक खातों, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, यूपीआई क्यूआर कोड और कॉल डिटेल का बारीकी से विश्लेषण किया। विभिन्न बैंक खातों में धनराशि के लेन-देन की कड़ियां जोड़ते हुए संदिग्ध खाताधारकों और गिरोह के सदस्यों की पहचान की गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए करीब 1500 किलोमीटर दूर बिहार में कार्रवाई की योजना बनाकर तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। इन टीमों को थानाधिकारी बकानी हरि सिंह, थानाधिकारी रायपुर मोहनलाल और थानाधिकारी मण्डावर रोहित कुमार के नेतृत्व में बिहार रवाना किया गया।
बिहार पुलिस के सहयोग से एक साथ दी दबिश, 6 आरोपी गिरफ्तार
झालावाड़ पुलिस की टीमों ने बिहार के सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया जिला पुलिस के विशेष सहयोग से 6 नवंबर 2026 को विभिन्न ठिकानों पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गिरोह के मुख्य आरोपी अजीत यादव सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा अपराध में संलिप्त 2 बालक और 1 बालिका को निरुद्ध किया गया। आरोपियों के कब्जे से अपराध में संपर्क और लेन-देन के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल डिवाइस भी बरामद किए गए हैं।
सभी आरोपियों को स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर झालावाड़ लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार 6 आरोपी तीन दिवस के पुलिस रिमांड पर हैं, जबकि विधि से संघर्षरत तीनों बालक-बालिकाओं को बाल संप्रेषण गृह में दाखिल करवाया गया है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
पुराने सिक्कों के नाम पर ठगी का जाल, फिर शुरू होती थी ब्लैकमेलिंग
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुराने और दुर्लभ सिक्कों एवं नोटों को लाखों रुपये में खरीदने के आकर्षक विज्ञापन प्रसारित करता था। इसी झांसे में मृतका भी आ गईं। उनके मोबाइल में ‘RJGYANI OLD COIN COMPANY’ नाम से संपर्क स्थापित किया गया। शुरुआत में आरोपियों ने छोटी रकम ली और बाद में अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार पैसे मांगने शुरू कर दिए।
जब महिला ने अपनी आर्थिक असमर्थता जताते हुए रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने उन्हें डराना और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जांच के अनुसार, आरोपियों ने महिला को व्हाट्सएप पर एआई से तैयार किए गए डरावने फोटो और वीडियो भेजे। इनमें पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवक की पिटाई का वीडियो, दुर्घटनाग्रस्त कार और घायल व्यक्ति की तस्वीरें तथा अस्पताल के नाम से तैयार फर्जी बिल शामिल थे। इनका इस्तेमाल इलाज और अन्य बहानों से अतिरिक्त धनराशि वसूलने के लिए किया गया।
फर्जी पुलिस नोटिस भेजकर बेटे को केस में फंसाने की धमकी
आरोपियों ने महिला को डराने के लिए पुलिस थाना झालावाड़ का एआई से तैयार फर्जी फोटो भी भेजा, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों के सामने 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां रखी दिखाई गई थीं। इसके अतिरिक्त दिल्ली पुलिस के नाम से फर्जी लेटरहेड और नोटिस तैयार कर भेजा गया, जिसमें महिला का नाम, पता और फोटो लगाकर 5.50 लाख रुपये की राशि जब्त होने की झूठी जानकारी दी गई।
गिरोह के सदस्यों ने महिला को यह धमकी भी दी कि उनके बेटे को गंभीर आपराधिक मामले में फंसा दिया जाएगा और उसकी जान खतरे में पड़ सकती है। मुख्य आरोपी अजीत यादव तथा दो विधि से संघर्षरत बालक-बालिका द्वारा वॉयस कॉल और वॉयस नोट के माध्यम से महिला को डराने-धमकाने के तथ्य सामने आए हैं। लगातार आर्थिक नुकसान, कर्ज और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियों के कारण महिला गंभीर मानसिक दबाव में आ गई थीं।
बैंक खातों के विश्लेषण से सामने आया ठगी का नेटवर्क
एसआईटी ने मृतका के एचडीएफसी और एसबीआई बैंक खातों का गहन विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई क्यूआर कोड के माध्यम से महिला से अलग-अलग किस्तों में धनराशि ट्रांसफर करवाई थी।
जांच के दौरान रंजू देवी के पीएनबी खाते में 64 ट्रांजेक्शन के जरिए 2,36,715 रुपये, सतीश कुमार के एसबीआई खाते में 24 ट्रांजेक्शन के जरिए 1,03,481 रुपये और मंजू देवी के एसबीआई खाते में 12 ट्रांजेक्शन के जरिए 36,501 रुपये ट्रांसफर होना पाया गया। इसी प्रकार खुशबू कुमारी के आईपीपीबी खाते में भी संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आए।
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर खातों की जांच में सतीश कुमार के खाते के विरुद्ध पूर्व से 13, मंजू देवी के खाते के विरुद्ध 9 तथा रंजू देवी के खाते के विरुद्ध 2 साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज होना पाया गया। इससे गिरोह की व्यापक साइबर ठगी गतिविधियों के संकेत मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपी
• आरती कुमारी पत्नी विमलेश कुमार भकत, उम्र 26 वर्ष, निवासी जिला सहरसा, बिहार।
• मंजू देवी पत्नी मनोजदास तांती, उम्र 35 वर्ष, निवासी जिला खगड़िया, बिहार।
• अजीत कुमार पुत्र प्रमोद यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी जिला मधेपुरा, बिहार।
• सतीश कुमार उगणा पुत्र दशरथ राम उगणा, उम्र 19 वर्ष, निवासी जिला मधेपुरा, बिहार।
• रंजू देवी पत्नी प्रमोद कुमार यादव, उम्र 45 वर्ष, निवासी जिला मधेपुरा, बिहार।
• खुशबू पत्नी नितेश, उम्र 19 वर्ष, निवासी जिला मधेपुरा, बिहार।
इसके अतिरिक्त 2 विधि से संघर्षरत बालक और 1 बालिका को निरुद्ध किया गया है।
झालावाड़ पुलिस की आमजन से अपील
झालावाड़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर पुराने सिक्के या नोट लाखों-करोड़ों रुपये में खरीदने के दावों वाले विज्ञापनों पर विश्वास न करें। किसी भी वस्तु की खरीद-बिक्री के नाम पर रजिस्ट्रेशन शुल्क, जीएसटी, कूरियर, लीगल फीस या आरबीआई अप्रूवल के नाम पर अनजान व्यक्ति को पैसे न भेजें।
पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य जांच एजेंसियां व्हाट्सएप अथवा वीडियो कॉल पर किसी को गिरफ्तार नहीं करतीं और न ही केस खत्म करने के नाम पर ऑनलाइन धनराशि मांगती हैं। फर्जी नोटिस, वीडियो या धमकियों से भयभीत न हों। किसी भी साइबर ठगी, ब्लैकमेलिंग अथवा ऑनलाइन धमकी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं।
पुलिस टीम का योगदान
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली, रायपुर, बकानी, मण्डावर, रटलाई, सदर, साइबर सेल, साइबर थाना एवं वृत्त कार्यालय झालावाड़ की पुलिस टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में तकनीकी टीम तथा बिहार के सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया जिला पुलिस का विशेष सहयोग रहा।
Continue With Google
Comments (0)