जयपुर। मादक पदार्थ तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी रसीद खान द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज की है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत की गई इस कार्रवाई में आरोपी का गांव देवल्दी स्थित आलीशान दो मंजिला मकान, चारदीवारी सहित भूमि तथा दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं। सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा (एफओपी) एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली ने 9 नवंबर 2026 को फ्रीजिंग आदेश को स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद 11 नवंबर को पुलिस थाना अरनोद की टीम ने संपत्तियों पर फ्रीजिंग संबंधी सूचना बोर्ड लगाए।
    पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग एवं वृत्ताधिकारी अरनोद चन्द्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी अरनोद शिवलाल मीणा ने आरोपी की अवैध संपत्तियों का वित्तीय अनुसंधान कर फ्रीजिंग का प्रस्ताव तैयार किया और संबंधित दस्तावेज सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली को भिजवाए। सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद नियमानुसार संपत्तियों को फ्रीज किया गया।
गुजरात में पकड़ी गई मादक पदार्थों की खेप से जुड़ा था आरोपी
प्रकरण के अनुसार 5 अगस्त 2025 को गुजरात के गांधीनगर पुलिस स्टेशन ने आरोपी जावेद उमरभाई मेवाती निवासी अहमदाबाद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 117.690 ग्राम एमडी, 49.890 ग्राम गांजा, 7 लाख 18 हजार 650 रुपये नकद तथा एक वैगनआर कार जब्त की थी।
    अनुसंधान में जब्त एमडी और गांजा आरोपी रसीद खान पुत्र जलाल खान पठान निवासी देवल्दी थाना अरनोद जिला प्रतापगढ़ द्वारा उपलब्ध करवाना सामने आया। इसके आधार पर रसीद खान को 21 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया था। अनुसंधान के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वर्तमान में आरोपी गुजरात की साबरमती सेंट्रल जेल, अहमदाबाद में बंद है।
तस्करी की कमाई से बनाया मकान, परिचितों के नाम खरीदी मोटरसाइकिलें
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि रसीद खान लंबे समय से ब्राउन शुगर, एमडी सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है और उसने इस अवैध कारोबार से अर्जित धन से कम समय में गांव देवल्दी में आलीशान मकान बनवाया है। इसके अतिरिक्त उसने दो मोटरसाइकिलें अपने विश्वासपात्र परिचितों के नाम से खरीदकर स्वयं के उपयोग और कब्जे में रखी हुई थीं।
    इस सूचना के आधार पर पुलिस थाना अरनोद ने आरोपी की चल एवं अचल संपत्तियों का वित्तीय अनुसंधान किया। जांच में संपत्तियों का मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित अवैध आय से खरीदा जाना पाया गया। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत फ्रीजिंग प्रस्ताव तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजा गया।
ये संपत्तियां की गईं फ्रीज
•  आवासीय मकान एवं भूमि: गांव देवल्दी में आबादी भूमि पर निर्मित दो मंजिला आलीशान मकान, चारदीवारी सहित। वर्तमान बाजार मूल्य करीब 3 करोड़ 90 लाख रुपये।
•  मोटरसाइकिल सुपर स्प्लेंडर: रजिस्ट्रेशन नंबर RJ35SM6219।
•  मोटरसाइकिल एक्सपल्स 200: रजिस्ट्रेशन नंबर RJ35SM2555। दोनों मोटरसाइकिलों का कुल वर्तमान बाजार मूल्य करीब 2 लाख रुपये।
    इस प्रकार फ्रीज की गई संपत्तियों का कुल अनुमानित बाजार मूल्य करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये है।
राजस्थान और गुजरात में दर्ज हैं तस्करी के दो प्रकरण
आरोपी रसीद खान के विरुद्ध मादक पदार्थ तस्करी के दो प्रकरण दर्ज हैं। गुजरात के गांधीनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज प्रकरण में 117.690 ग्राम एमडी और 49.890 ग्राम गांजा जब्त किया गया था। वहीं पुलिस थाना प्रतापगढ़ में दर्ज प्रकरण संख्या 345/2025 में 96 ग्राम एमडी और 150 ग्राम केमिकल (टांका) जब्त किया गया था। इस प्रकरण में आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है।
    प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करी और अन्य संगीन अपराधों में लिप्त अपराधियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर नियमानुसार फ्रीज करने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। इस कार्रवाई का उद्देश्य तस्करों को अपराध से अर्जित संपत्ति का लाभ लेने से रोकना और उनके आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
थानाधिकारी अरनोद शिवलाल मीणा, उप निरीक्षक प्रेमलाल एवं अरविंद कुमार, हेड कांस्टेबल  प्रभुराम, पंकज कुमार एवं  बापूलाल तथा कांस्टेबल हनुमान एवं  मुकेश कुमार की टीम ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।