झालावाड़। राजस्थान के झालावाड़ जिले में नाबालिग बालिकाओं के शोषण से जुड़े गंभीर मामले का खुलासा हुआ है। भवानीमंडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने डिकॉय ऑपरेशन और तकनीकी निगरानी के जरिए साक्ष्य जुटाने के बाद चिन्हित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई में 13 से 17 वर्ष की 6 नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। पुलिस के अनुसार, जांच में इनमें से 5 बालिकाओं के साथ बार-बार देह शोषण करवाए जाने के साक्ष्य मिले हैं, जबकि एक अन्य बालिका के मामले में अनुसंधान जारी है।

इस प्रकरण में पुलिस ने 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पीड़ित बालिकाओं के परिवारजन और रिश्तेदार भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम तैनात रही, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं।

7 अक्टूबर को मिला था गोपनीय परिवाद

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार, गत 7 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक गोपनीय शिकायत प्राप्त हुई थी। इसमें भवानीमंडी थाना क्षेत्र की बाछड़ा समुदाय की बस्तियों में कुछ परिवारों द्वारा नाबालिग बालिकाओं को कथित तौर पर देह व्यापार में धकेलने और स्थानीय बिचौलियों के माध्यम से ग्राहकों से पैसे वसूलने की जानकारी दी गई थी।

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष श्रोत्रिय के निर्देशन में विशेष जांच दल बनाया गया। टीम ने फील्ड इंटेलिजेंस और तकनीकी माध्यमों से सूचनाएं जुटाईं।

स्पाई कैमरों से रिकॉर्ड हुई सौदेबाजी

पुलिस ने मामले की पड़ताल के लिए डिकॉय ऑपरेशन चलाया। इस दौरान स्पाई कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों और कथित सौदेबाजी के डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस के अनुसार, रिकॉर्ड किए गए वीडियो में रेस्क्यू की गई 6 बालिकाओं में से 3 दिखाई दीं। वीडियो में बिचौलियों और परिजनों द्वारा कथित अनैतिक गतिविधियों के बदले 10 से 20 मिनट के लिए धनराशि मांगने तथा कम उम्र की अन्य बालिकाओं को ग्राहकों के सामने पेश करने के दृश्य भी रिकॉर्ड हुए।

100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने दी दबिश

प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर 3 नवंबर को वृताधिकारी पिड़ावा पूजा नागर, रायपुर थानाधिकारी मोहनलाल और जिला स्पेशल टीम प्रभारी विष्णुसिंह के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। इसके बाद 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने भवानीमंडी थाना क्षेत्र के चिन्हित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी और 6 नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित बाहर निकाला।

मेडिकल जांच में सामने आई गंभीर स्थिति

रेस्क्यू की गई सभी बालिकाओं का मेडिकल बोर्ड से चिकित्सकीय परीक्षण करवाया गया। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल परीक्षण और अन्य अनुसंधानिक साक्ष्यों में 5 बालिकाओं के साथ बार-बार यौन शोषण करवाए जाने के प्रमाण मिले हैं। वहीं, दो बालिकाएं यौन संचारित रोग (STD) से पीड़ित पाई गईं। दोनों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार शुरू करवाया गया है। साथ ही आवश्यक टीकाकरण भी कराया जा रहा है।

मौके से आपत्तिजनक सामग्री जब्त, एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस कार्रवाई के दौरान विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। तलाशी में कथित तौर पर देह व्यापार में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री, जिसमें सैकड़ों कंडोम शामिल हैं, जब्त किए गए। एफएसएल टीम ने कमरों और आवासों की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कर अन्य तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्य भी संकलित किए।

मां और रिश्तेदारों समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

मामले में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6, 11/12 और 17 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने हीरा बाई (34), धापू बाई (35), रोडी बाई (32), छानमल (48) और पप्पु (22) को गिरफ्तार किया है।

सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने मामले की आगे की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचन्द मीणा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है। अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश भी जारी है।

बालिकाओं के उपचार और पुनर्वास पर जोर

रेस्क्यू की गई सभी बालिकाओं को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। समिति के आदेश पर उन्हें सुरक्षित आश्रय के लिए बालिका गृह भेजा गया है। पुलिस और संबंधित संस्थाएं उनके उपचार, मनोवैज्ञानिक परामर्श, देखरेख और पुनर्वास की व्यवस्था में जुटी हैं।

पुलिस ने मामले से जुड़े मेडिकल, डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है। एफएसएल रिपोर्ट जल्द प्राप्त करने के लिए जयपुर स्थित प्रयोगशाला के निदेशक को भी पत्र लिखा गया है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग बालिकाओं के शोषण में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।