उदयपुर। दीपावली पर खुशियां मनाने के नाम पर कुछ लोगों की लापरवाही दूसरों की जान पर भारी पड़ सकती है। राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर स्थित चिरवा टनल के भीतर बीच सड़क वाहन रोककर पटाखे और बड़े बम फोड़ने का मामला सामने आया है। टनल जैसे संवेदनशील और व्यस्त यातायात मार्ग पर इस तरह आतिशबाजी करना न केवल यातायात व्यवस्था के लिए खतरा है, बल्कि किसी बड़े हादसे को भी न्योता दे सकता है।
सोशल मीडिया पर सामने आए इस घटनाक्रम ने सार्वजनिक सड़कों पर लोगों की गैर-जिम्मेदाराना हरकतों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। टनल के भीतर अचानक पटाखे फोड़ने से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। तेज धमाकों और धुएं से चालक का ध्यान भटकने, अचानक ब्रेक लगाने और वाहनों के टकराने जैसी आशंकाएं भी बनी रहती हैं।
चिरवा टनल में इस तरह की हरकतें नई नहीं हैं। कभी लोग यहां सेल्फी लेने के लिए वाहन रोक देते हैं तो कभी स्टंट और आतिशबाजी करते नजर आते हैं। जबकि टनल में वाहनों का रुकना यातायात सुरक्षा के लिहाज से बेहद जोखिम भरा है।
सवाल यह है कि आखिर कुछ मिनटों की मस्ती के लिए दूसरों की जिंदगी को खतरे में डालने की छूट कैसे दी जा सकती है? प्रशासन और पुलिस को ऐसे मामलों में निगरानी बढ़ाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें दंडित किया जाना चाहिए।
चिरवा टनल में आतिशबाजी का खतरनाक खेल
दीपावली की मस्ती में वाहन चालकों की जान जोखिम में डाली, बीच सड़क गाड़ी रोक किए धमाके
Continue With Google
Comments (0)