जयपुर। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए सीकर जिले के बलारा थाना क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार से 41 किलो 510 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर तस्कर राकेश कुमार निवासी खिरोड़, जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार करवाया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 21 लाख रुपये आंकी गई है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) श्री बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में सीआईडी क्राइम ब्रांच द्वारा सक्रिय हार्डकोर बदमाशों, इनामी अपराधियों तथा अवैध मादक पदार्थ एवं हथियार तस्करों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार 11 नवंबर को देर रात यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना और फिल्मी अंदाज में घेराबंदी
महानिरीक्षक पुलिस सीआईडी (अपराध) के.बी. वंदना के मार्गदर्शन, उपमहानिरीक्षक पुलिस श्री दीपक भार्गव के सुपरविजन तथा उप निरीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल रविंद्र सिंह और कुलदीप सिंह की टीम को आसूचना संकलन के लिए सीकर और फतेहपुर क्षेत्र में भेजा गया था। इसी दौरान टीम के हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि स्विफ्ट कार नंबर RJ 18 CF 2905 में संदिग्ध सामान लेकर सीकर से लक्ष्मणगढ़ होते हुए झुंझुनूं की ओर जाया जा रहा है।
सूचना पर एसपी सीकर संजीव नैन से समन्वय किया गया। जिनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल और सीओ लक्ष्मणगढ़ जाकिर अख्तर के पर्यवेक्षण में सीआईडी सीबी की टीम ने थानाधिकारी बलारा एवं पुलिस जाप्ते के साथ संयुक्त कार्रवाई की। लक्ष्मणगढ़ की ओर से आ रही संदिग्ध स्विफ्ट कार को पुलिस ने रुकवाने का प्रयास किया तो चालक ने कार को लहराते हुए भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद कार को रुकवाया। चालक ने कार लॉक कर दी और दरवाजे नहीं खोले। वह दोबारा कार भगाने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया।
सीओ लक्ष्मणगढ़ अख्तर की मौजूदगी में बलारा थानाधिकारी एवं पुलिस जाप्ते ने कार की तलाशी ली। कार की पिछली सीट के पास रखे पीले कट्टे से 16 किलो 370 ग्राम तथा डिग्गी में रखे सफेद कट्टे से 25 किलो 140 ग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों कट्टों में गांजे के कुल 20 पैकेट रखे हुए थे। इस प्रकार कुल 41 किलो 510 ग्राम गांजा जब्त किया गया। इस संबंध में पुलिस थाना बलारा, जिला सीकर में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी राकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। मामले का अनुसंधान पुलिस थाना दादिया के थानाधिकारी संजय पूनिया द्वारा किया जा रहा है।
पूछताछ में दूसरे तस्कर का नाम आया सामने
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार ने बताया कि गांजा और कार उसके साथी विकास कुमार धींवा निवासी सेवापुरा, खिरोड़ की है। आरोपी के अनुसार विकास कुमार कुछ दूरी पहले कार से उतर गया था और उसने आगे पहुंचकर फोन करने पर वापस आने को कहा था। पुलिस को विकास कुमार के बड़े स्तर पर मादक पदार्थों का कारोबार करने की जानकारी मिली है। पुलिस उसकी तलाश और तस्करी नेटवर्क के संबंध में जांच कर रही है।
टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह एवं कुलदीप सिंह की आसूचना संकलन, विशेष प्रयास और तकनीकी भूमिका रही। उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार का कुशल नेतृत्व रहा। इसके साथ ही बलारा थानाधिकारी कैलाशचन्द, एएसआई पूरण सिंह व रोहिताश, हेड कॉन्स्टेबल श्रीराम, कांस्टेबल हिम्मत सिंह, तनवीर, सुरेश, निरंजन, जयसिंह, महेश कुमार एवं कांस्टेबल चालक रविप्रकाश का महत्वपूर्ण सराहनीय योगदान रहा।
Continue With Google
Comments (0)