बाड़मेर। राजस्थान में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बाड़मेर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी कौशलाराम की करीब 3.37 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज करवाई है। पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित कमाई से आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर ये संपत्तियां खरीदी गई थीं। NDPS एक्ट के अध्याय 5-ए के तहत की गई इस कार्रवाई को सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली ने सुनवाई के बाद मंजूरी दे दी है।

फ्रीज की गई संपत्तियों का कुल मूल्य 3 करोड़ 36 लाख 79 हजार 665 रुपये आंका गया है। इनमें चार वाहन, आवासीय मकान, निर्माणाधीन मकान, भूखंड, तीन मंजिला भवन, कृषि भूमि, खनन पट्टा और शराब की दुकान शामिल हैं।

17 आपराधिक मामले दर्ज, 7 मामलों में 4465 किलो से अधिक डोडा पोस्त बरामद

जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट के अनुसार, कौशलाराम पुत्र खेराजराम निवासी सउओ की ढाणी, भोजासर के खिलाफ NDPS एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें NDPS एक्ट के 7 मामलों में करीब 4,465.60 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया है।

पुलिस थाना सिवाना में दर्ज एक मामले में आरोपी से जुड़े तीन वाहनों से ही 1,249.800 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ था। इसके अलावा सिरियारी, निम्बाहेड़ा सदर, छोटी सादड़ी, सुमेरपुर, सिवाना और गिड़ा थानों में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। इन मामलों में डोडा पोस्त के अलावा अफीम और एमडी की बरामदगी भी हुई है।

वित्तीय जांच में सामने आई संपत्तियों की जानकारी

पुलिस थाना बायतु के थानाधिकारी खेताराम ने आरोपी और उसके परिजनों की संपत्तियों का वित्तीय अनुसंधान किया। पुलिस के मुताबिक, जांच में परिवार के पास इन संपत्तियों को खरीदने के लिए कोई वैध आय स्रोत नहीं मिला। जांच में संपत्तियां मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित आय से खरीदे जाने की बात सामने आई।

इसके बाद 9 अक्टूबर 2026 को NDPS एक्ट की धारा 68-F के तहत संपत्तियों को फ्रीज करने का आदेश जारी किया गया और पुष्टि के लिए सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली को भेजा गया। सुनवाई के बाद प्राधिकारी ने कुल 3.37 करोड़ रुपये की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेशों की पुष्टि कर दी।

चार लग्जरी वाहनों सहित ये संपत्तियां हुईं फ्रीज

पुलिस की कार्रवाई में निम्न संपत्तियां शामिल हैं:

  • टोयोटा हाइलक्स पिकअप

  • हुंडई क्रेटा

  • महिंद्रा बोलेरो कैंपर

  • महिंद्रा स्कॉर्पियो

  • सउओ की ढाणी, भोजासर में आवासीय और निर्माणाधीन मकान

  • बालोतरा के मां विरात्रा विहार-6 में आवासीय भूखंड और उस पर बना तीन मंजिला भवन

  • जैसलमेर जिले के रामगढ़ में दो मुरब्बा कृषि भूमि

  • मेसनरी स्टोन खनन पट्टा

  • शराब की दुकान

इनमें कौशलाराम के अलावा उसकी पत्नी, भाई और भाई की पत्नी के नाम पर खरीदी गई संपत्तियां भी शामिल हैं।

अब संपत्तियों की खरीद-बिक्री और हस्तांतरण पर रोक

संपत्तियां फ्रीज होने के बाद अब इनका विक्रय, हस्तांतरण या किसी भी तरह का लेन-देन नहीं किया जा सकेगा। NDPS एक्ट की धारा 68-M के अनुसार, ऐसी संपत्तियों का हस्तांतरण शून्य होगा। इस संबंध में परिवहन, राजस्व, पंजीयन, नगर परिषद, आबकारी और खनिज विभाग के साथ संबंधित बैंकों को भी सूचना दी जा रही है।

मंगलवार, 10 नवंबर को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने भोजासर स्थित आरोपी के आवासीय और निर्माणाधीन दोनों मकानों पर संपत्ति फ्रीज होने संबंधी सूचना बोर्ड लगाए।

नशा तस्करों की अवैध कमाई पर पुलिस की नजर

बाड़मेर पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों पर रोक लगाना और अपराधियों को उनकी आर्थिक कमाई के लाभ से वंचित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों और उनकी अवैध संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

आमजन से पुलिस की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कौशलाराम द्वारा अर्जित किसी अन्य संपत्ति की जानकारी हो तो पुलिस थाना बायतु के थानाधिकारी के मोबाइल नंबर 8949505551 पर सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।