बारां। जिले के अंता थाना क्षेत्र में कोटा बैराज की दायीं मुख्य नहर में कार समेत डूबे 35 वर्षीय युवक का शव सोमवार सुबह SDRF ने बरामद कर लिया। करीब साढ़े पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में जवानों ने नहर में गोते लगाकर पहले कार का पता लगाया और फिर रस्सी से बांधकर क्रेन की मदद से उसे बाहर निकलवाया। कार में ही युवक का शव मिला।
एसडीआरएफ के अनुसार सोमवार रात करीब एक बजे बारां पुलिस कंट्रोल रूम से कोटा बैराज की दायीं मुख्य नहर में एक व्यक्ति के कार समेत डूबने की सूचना मिली थी। इसके बाद जयपुर कंट्रोल रूम से कमांडेंट रेवंत दान के निर्देश पर कोटा एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया गया। टीम प्रभारी कांस्टेबल मनराज गुर्जर के नेतृत्व में आठ जवान आपदा राहत उपकरणों के साथ रात करीब 2:30 बजे घटनास्थल पहुंचे।
मौके पर स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण पहले से ही युवक की तलाश में जुटे थे, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। नहर की चौड़ाई करीब 150 फीट और गहराई 10 से 15 फीट होने से तलाशी अभियान चुनौतीपूर्ण था। SDRF जवानों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर नहर में गोते लगाए और कार की तलाश की। काफी मशक्कत के बाद कार का पता चला। जवानों ने उसे रस्सी से बांधा और स्थानीय प्रशासन की ओर से मंगवाई गई क्रेन की सहायता से बाहर निकलवाया।
सुबह करीब 6:20 बजे रेस्क्यू टीम को सफलता मिली। कार से 35 वर्षीय आशीष मीणा पुत्र हरिशंकर मीणा निवासी लिसाड़ी, तहसील अंता, जिला बारां का शव बरामद हुआ। इसके बाद शव स्थानीय प्रशासन को सुपुर्द कर दिया गया।
Continue With Google
Comments (0)