उदयपुर। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की ओर से घोषित सीए इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में उदयपुर के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठता साबित की है। दोनों ग्रुप की संयुक्त परीक्षा में शहर का परिणाम 22.22 प्रतिशत रहा, जो 13.21 प्रतिशत के राष्ट्रीय औसत से करीब 9.01 फीसदी अधिक है। इस प्रदर्शन के साथ उदयपुर ने जयपुर (21.21%), जोधपुर (14.05%), कोटा (18.40%), भीलवाड़ा (21.31%) और अजमेर (21.88%) को पीछे छोड़ते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। उदयपुर केंद्र से दोनों ग्रुप में 180 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे, जिनमें से 40 विद्यार्थियों ने दोनों ग्रुप एक साथ उत्तीर्ण किए। अलग-अलग ग्रुप के नतीजों में भी शहर का दबदबा रहा; ग्रुप-1 में उदयपुर का सफलता प्रतिशत 26.92% (राष्ट्रीय औसत 23.14%) और ग्रुप-2 में 21.79% (राष्ट्रीय औसत 18.92%) दर्ज किया गया। आईसीएआई रीजनल काउंसिल सदस्य सीए निर्भीक गांधी ने बताया कि नियमित टेस्ट सीरीज, अनुशासित तैयारी और शाखा द्वारा चलाए गए मेंटरशिप व एकेडमिक सेशंस के चलते विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की इस कठिन परीक्षा में यह उल्लेखनीय मुकाम हासिल किया है।