उदयपुर। ऐतिहासिक आहड़ राजकीय संग्रहालय के जीर्णोद्धार का कार्य अब नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। पहले इस कार्य को सितंबर माह तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन रिनोवेशन के दौरान कुछ अतिरिक्त और जरूरी संरचनात्मक सुधार सामने आने के बाद विभाग ने इसकी समयसीमा एक माह आगे बढ़ा दी है। करीब 50 लाख रुपये की लागत से चल रहे इस प्रोजेक्ट के तहत संग्रहालय की मुख्य दीर्घाओं का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसमें उत्खनन दीर्घा, मूर्तिकला दीर्घा और अस्त्र-शस्त्र दीर्घा शामिल हैं, जहां उन्नत लाइटिंग व्यवस्था, आधुनिक डिस्प्ले सिस्टम और आंतरिक संरचना में सुधार किया जा रहा है। इसके अलावा परिसर में एक नई कला दीर्घा (आर्ट गैलरी) भी विकसित की जा रही है, जिससे शोधार्थियों और पर्यटकों को स्थानीय कला और संस्कृति की समृद्ध सामग्री देखने को मिलेगी। आमेर विकास प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से संचालित इस परियोजना का उद्देश्य धरोहर को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संवारना है। संग्रहालय अधीक्षक हिमांशु सिंह के अनुसार, नए कार्यों को शामिल करने के कारण अतिरिक्त समय लगा है और नवंबर तक इसे पूर्ण रूप से तैयार कर आमजन व शोधार्थियों के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।
आहड़ राजकीय संग्रहालय के जीर्णोद्धार का दायरा बढ़ा
अब नवंबर तक पूरा होगा कार्य
Continue With Google
Comments (0)